स्ट्रीट फूड में अजीनोमोटो होता है खतरनाक: सीमित मात्रा में करें सेवन, स्वास्थ्य पर कम होगा असर

सीमित मात्रा में करें सेवन, स्वास्थ्य पर कम होगा असर

आज के समय बाजार में मिलने वाला स्ट्रीट फूड,खासतौर पर चाइनीज स्ट्रीट फूड, जिसमें भरपूर अजीनोमोटो का इस्तेमाल किया जाता है। अजीनोमोटो जितना स्वाद बढ़ाने में कारगार है, उतना ही हमारे शरीर के लिए कितना खतरनाक। चाउमीन, मोमोज, फ्राइड राइस, मंचूरियन और कई तरह के चाइनीज स्ट्रीट फूड का स्वाद बढ़ाने के लिए अक्सर अजीनोमोटो का इस्तेमाल किया जाता है। इसका असली नाम मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) है, जो भोजन में स्वाद को बढ़ाने का काम करता है। हालांकि, इसे लेकर लंबे समय से लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं और भ्रम भी मौजूद हैं।

वैज्ञानिकों के अनुसार, सामान्य मात्रा में अजीनोमोटो का सेवन अधिकांश स्वस्थ लोगों के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन कुछ लोगों में इसकी अधिक मात्रा सिरदर्द, प्यास, चेहरे पर गर्माहट, मतली या असहजता जैसे लक्षण पैदा कर सकती है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि अजीनोमोटो क्या है, इसका सेवन कब नुकसान पहुंचा सकता है और किन लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

क्या है अजीनोमोटो?

अजीनोमोटो का रासायनिक नाम मोनोसोडियम ग्लूटामेट (MSG) है। यह एक फ्लेवर एन्हांसर है, जिसका उपयोग भोजन के स्वाद को बढ़ाने के लिए किया जाता है। यह प्राकृतिक रूप से टमाटर, पनीर और मशरूम जैसे कुछ खाद्य पदार्थों में भी पाया जाने वाला ग्लूटामेट का ही एक रूप है।

अधिक मात्रा के सेवन से सिरदर्द और बेचैनी

कुछ लोगों में अधिक मात्रा में MSG वाला भोजन खाने के बाद सिरदर्द, चेहरे पर गर्माहट, पसीना आना या बेचैनी जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं। हालांकि, यह सभी लोगों में नहीं होता।

ब्लड प्रेशर वाले अजीनोमोटो से रहें दूर

अजीनोमोटो में सोडियम होता है। यदि इसे अधिक नमक वाले भोजन के साथ बार-बार खाया जाए, तो कुल सोडियम का सेवन बढ़ सकता है, जो हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए चिंता का विषय हो सकता है। साथ ही किडनी रोग के मरीज, कम सोडियम वाली डाइट पर रहने वाले लोग और छोटे बच्चों को नियमित रूप से स्ट्रीट फूड खिलाने से बचना चाहिए।

वजन बढ़ने का खतरा

MSG अक्सर प्रोसेस्ड और फास्ट फूड में इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे खाद्य पदार्थों में नमक, तेल और कैलोरी भी अधिक हो सकती है, जिससे वजन बढ़ने और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

स्वस्थ रहने के लिए कम करें स्ट्रीट फूड का सेवन

स्वस्थ रहने के लिए घर का ताजा और संतुलित भोजन ही करें। स्ट्रीट फूड का सेवन करने से बचें। भोजन में स्वाद के लिए प्राकृतिक मसालों और जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल करें। कुछ लोग MSG के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं। ऐसे लोगों में अधिक मात्रा लेने पर मतली, कमजोरी, प्यास या हल्की असहजता महसूस हो सकती है। यदि ऐसा बार-बार हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना उचित होगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।