इम्युनिटी का 'पॉवर डोज': सुपरफास्ट रिकवरी के लिए विटामिन-C बेहतर या विटामिन-D?, बॉडी का 'डिफेंस सिस्टम' करता है मजबूत

निवेदिता चंद|20 घंटे पहले
सुपरफास्ट रिकवरी के लिए विटामिन-C बेहतर या विटामिन-D?, बॉडी का 'डिफेंस सिस्टम' करता है मजबूत

बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और बढ़ते तनाव के बीच शरीर की इम्युनिटी को मजबूत बनाए रखना आज पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि मजबूत इम्यून सिस्टम न केवल सामान्य सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमणों से बचाव करता है। साथ ही कई गंभीर बीमारियों के खतरे को भी कम करने में मददगार साबित होता है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में लोगों की जीवनशैली में आए बदलावों के कारण इम्युनिटी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं। बार-बार बीमार पड़ना, लगातार थकान महसूस होना, संक्रमण का जल्दी शिकार होना और शरीर में कमजोरी बने रहना कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य संकेत माने जाते हैं।

कोविड-19 महामारी के दौरान भी एक्सपर्ट्स ने इम्युनिटी मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया था। उस समय विटामिन-सी और विटामिन-डी से भरपूर खाद्य पदार्थों तथा सप्लीमेंट्स की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई थी। यही कारण है कि आज भी लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि आखिर रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने के लिए विटामिन-सी अधिक महत्वपूर्ण है या विटामिन-डी। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि दोनों ही विटामिन शरीर के लिए बेहद आवश्यक हैं और दोनों की भूमिकाएं अलग-अलग होने के बावजूद समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने में दोनों की अहम भूमिका

एक्सपर्ट्स के अनुसार इम्यून सिस्टम शरीर का प्राकृतिक सुरक्षा कवच होता है। जो वायरस, बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक तत्वों की पहचान कर उनसे लड़ने का कार्य करता है। यदि शरीर को आवश्यक पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलते हैं तो प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर पड़ सकती है। मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, विटामिन-सी संक्रमणों से लड़ने में मदद करता है। एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट के रूप में शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। दूसरी ओर विटामिन-डी इम्यून सेल्स को सक्रिय करने और शरीर में सूजन की प्रक्रिया को नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी कारण एक्सपर्ट किसी एक विटामिन को दूसरे से अधिक महत्वपूर्ण मानने के बजाय दोनों के संतुलित सेवन की सलाह देते हैं।

विटामिन-सी बढ़ाता है इंफेक्शन से लड़ने की क्षमता

विटामिन-सी को लंबे समय से इम्युनिटी बूस्टर के रूप में जाना जाता है। यह पानी में घुलनशील विटामिन है। जो शरीर में लंबे समय तक संग्रहित नहीं रहता। इसलिए इसकी नियमित पूर्ति आवश्यक होती है। विटामिन-सी श्वेत रक्त कोशिकाओं की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करता है। जिससे शरीर संक्रमणों के खिलाफ अधिक प्रभावी ढंग से लड़ पाता है। इसके अलावा यह फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करता है। शरीर की प्राकृतिक रक्षा प्रणाली को मजबूत बनाता है। कई अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी लेने से सर्दी-जुकाम की अवधि और उसके प्रभाव को कुछ हद तक कम किया जा सकता है।

विटामिन-डी भी इम्युनिटी का मजबूत आधार

धूप के संपर्क से शरीर में बनने वाला विटामिन-डी केवल हड्डियों और मांसपेशियों के लिए ही नहीं, बल्कि इम्यून सिस्टम के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। यह शरीर की टी-सेल्स और अन्य प्रतिरक्षा कोशिकाओं को सक्रिय करता है। जो वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने में प्रमुख भूमिका निभाती हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार जिन लोगों में विटामिन-डी की कमी होती है। उनमें श्वसन संक्रमण, फ्लू और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा अधिक देखा जाता है। घर के अंदर अधिक समय बिताने वाले और पर्याप्त धूप न लेने वाले लोगों में इसकी कमी आमतौर पर पाई जाती है।

संतुलित आहार और स्वस्थ दिनचर्या है सबसे बड़ा उपाय

एक्सपर्ट्स का कहना है कि केवल सप्लीमेंट्स के भरोसे इम्युनिटी मजबूत नहीं की जा सकती। इसके लिए संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और तनाव नियंत्रण भी उतना ही आवश्यक है। विटामिन-सी की पूर्ति के लिए संतरा, आंवला, नींबू, अमरूद, शिमला मिर्च और स्ट्रॉबेरी जैसे खाद्य पदार्थ लाभकारी माने जाते हैं। वहीं विटामिन-डी के लिए अंडे की जर्दी, फैटी फिश, मशरूम, फोर्टिफाइड डेयरी उत्पादों के साथ-साथ नियमित रूप से सुबह की धूप लेना भी फायदेमंद माना जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार मजबूत इम्युनिटी के लिए विटामिन-सी और विटामिन-डी दोनों का संतुलित स्तर बनाए रखना आवश्यक है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।