गर्मी में क्यों कम होती है भूख: हल्का भोजन बनेगा हेल्थ का सहारा, शरीर को मिलेगी ऊर्जा और ठंडक

नौतपा के दौरान पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की दिनचर्या और खानपान दोनों को प्रभावित किया है। तेज धूप, बढ़ता तापमान और उमस भरे मौसम के कारण लोगों की भूख कम हो रही है। कई लोग दिनभर थकान, सुस्ती और पेट भारी रहने की शिकायत कर रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मियों में शरीर की पाचन प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी हो जाती है। जिससे बार-बार भूख नहीं लगती है। हालांकि ऐसे मौसम में भोजन छोड़ना या पर्याप्त पोषण न लेना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, इस मौसम में हल्का, सुपाच्य और हाइड्रेटिंग भोजन शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, जब बाहरी तापमान अधिक होता है तो शरीर अपने तापमान को संतुलित रखने में अतिरिक्त ऊर्जा खर्च करता है। इसके कारण डाइजेस्टिव सिस्टम की कार्यक्षमता कुछ हद तक धीमी हो सकती है। अधिक गर्मी और पसीने की वजह से शरीर भारी और तैलीय भोजन को आसानी से स्वीकार नहीं कर पाता है। परिणामस्वरूप भूख कम लगती है। बार-बार खाने की इच्छा नहीं होती है। ऐसे में शरीर को आवश्यक पोषण देने के लिए सही खाद्य पदार्थों का चयन बेहद जरूरी हो जाता है।
दही-चावल और खिचड़ी सबसे बेहतर विकल्प
गर्मियों में दही-चावल को सबसे लोकप्रिय और लाभकारी भोजन माना जाता है। यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है। आसानी से डाइजेस्ट हो जाता है। इसके अलावा मूंग दाल की खिचड़ी भी हल्के और पौष्टिक भोजन के रूप में बेहतर विकल्प है। यह शरीर को आवश्यक ऊर्जा देने के साथ पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालती है। जिन लोगों को भूख कम लगती है। उनके लिए खिचड़ी एक संतुलित और आरामदायक भोजन साबित हो सकती है।
फ्रूट सैलेड और छाछ से मिलेगी ताजगी
एक्सपर्ट गर्मियों में फलों का सेवन बढ़ाने की सलाह देते हैं। फ्रूट सैलेड शरीर को विटामिन, मिनरल और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराता है। तरबूज, खरबूजा, खीरा, पपीता और सीमित मात्रा में आम जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करते हैं। वहीं छाछ और पुदीना का सेवन गर्मी से राहत दिलाने के साथ डाइजेस्टिव सिस्टम को भी मजबूत बनाता है। भूना जीरा और पुदीना मिलाकर तैयार की गई छाछ गर्मियों के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक ड्रिंक मानी जाती है।
ओट्स और दलिया भी हैं फायदेमंद
ओट्स और दलिया जैसे खाद्य पदार्थ भी गर्मियों में संतुलित आहार का हिस्सा बन सकते हैं। ये लंबे समय तक पेट भरा रखने के साथ शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्रदान करते हैं। इन्हें आसानी से तैयार किया जा सकता है और यह हल्के भोजन की श्रेणी में आते हैं।
इन चीजों से बनाएं दूरी
हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मियों में अत्यधिक तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा ज्यादा कैफीन, कोल्ड ड्रिंक्स और लंबे समय तक खाली पेट रहने की आदत भी नुकसान पहुंचा सकती है। सही खानपान और पर्याप्त पानी का सेवन ही नौतपा की भीषण गर्मी में शरीर को स्वस्थ, ऊर्जावान और हाइड्रेट बनाए रखने का सबसे प्रभावी उपाय है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









