भाजपा की नई टीम में वसुंधरा-स्मृति को मिली बड़ी जिम्मेदारी: यूपी से छह चेहरे शामिल, 2027 के यूपी चुनाव पर पार्टी का फोकस

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 महासचिव शामिल किए गए हैं। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव और वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। बीएल संतोष संगठन महामंत्री बनाए गए हैं। नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के करीब सात महीने बाद संगठन की नई टीम का गठन हुआ है।
भाजपा ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन में क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। नई टीम में उत्तर प्रदेश से छह पदाधिकारियों को जगह दी गई है। इसके अलावा राजस्थान से तीन, दिल्ली से छह और महाराष्ट्र से चार चेहरों को जिम्मेदारी मिली है। उत्तराखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पंजाब, पश्चिम बंगाल, केरल और बिहार से दो-दो नेताओं को टीम में शामिल किया गया है।
लंबे इंतजार के बाद टीम का ऐलान
नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद से ही उनकी राष्ट्रीय टीम के गठन का इंतजार था। सोमवार को पदाधिकारियों की घोषणा के साथ संगठनात्मक ढांचे को नया स्वरूप दिया गया। नई जिम्मेदारियों में अनुभवी नेताओं के साथ अलग-अलग राज्यों से चेहरों को शामिल कर पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए संगठन को सक्रिय करने का संकेत दिया है।










