आजमगढ़ में मानकविहीन अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग सख्त: दो ऑपरेशन थियेटर किए सील, निरीक्षण में मिलीं कई गंभीर अनियमितताएं

जिले में बिना मानकों के संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देश पर एडिशनल सीएमओ डॉ. आलेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मार्टिनगंज क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो अस्पतालों के ऑपरेशन थिएटर तत्काल प्रभाव से सील कर दिए गए। वहीं, एक अस्पताल को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मार्टिनगंज स्थित बसंत हेल्थ केयर सेंटर के निरीक्षण में अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं मिला। मौके पर कोई अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं था और अस्पताल स्टाफ के भरोसे चल रहा था। साथ ही बिना वैध अनुमति ऑपरेशन थिएटर का संचालन किया जा रहा था। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनहित में ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया। इसी तरह बाबू उदयराज हेल्थ केयर सेंटर में भी निरीक्षण के दौरान कोई पंजीकृत चिकित्सक नहीं मिला। यहां भी नियमों की अनदेखी करते हुए ऑपरेशन थिएटर संचालित किया जा रहा था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे भी सील कर दिया गया।
एक अस्पताल को तीन दिन का नोटिस
मुक्तिपुर बाजार स्थित लक्ष्मी हेल्थ केयर एंड हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान आवश्यक पंजीकरण और वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर अस्पताल संचालक को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने कहा कि जिले में बिना पंजीकरण, बिना मान्यता और बिना योग्य चिकित्सकों के संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम और क्लीनिक किसी भी स्थिति में संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









