देरिया में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, घटना के बाद गड्ढे में पलटी गाड़ी

गोरखपुर|
तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, घटना के बाद गड्ढे में पलटी गाड़ी

सदर कोतवाली क्षेत्र में एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भीखमपुर रोड पर एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने सामने से आ रहे दो बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई कार सड़क किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। इस दुर्घटना के बाद कार चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।

इस भीषण हादसे में बजाज की गली निवासी शुभम अग्रवाल और दीपक अग्रवाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत महर्षि देवरहवा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

बिहार की बताई जा रही है कार

शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार बिहार के गोपालगंज जिला की बताई जा रही है। भीखमपुर रोड पर बड़हरा चौराहे से पहले यह हादसा उस समय हुआ जब सामने से आ रही दो बाइकों से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। घायलों में से एक बाइक सवार धनौती से दूध लेकर देवरिया की तरफ आ रहा था।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। फिलहाल पुलिस फरार कार ड्राइवर की तलाश कर रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।