गोरखपुर में दसवीं के टॉपर का नदी में उतराता मिला शव: पांच दिन से था लापता, पिता ने कहा- प्रेम प्रसंग में हुई हत्या

चिलुआताल थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दुखद मामला सामने आया है। क्षेत्र में 5 दिन से लापता 10वीं के टॉपर छात्र प्रिंस निषाद का सड़ा-गला शव नदी में उतराता हुआ मिला है। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने रोते हुए आरोप लगाया है कि उनके बेटे की प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की गई और शव को नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए छात्र की गर्लफ्रेंड, उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
मोहरीपुर चौराहे के पास रहने वाला 17 वर्षीय प्रिंस निषाद (हाईस्कूल टॉपर) आईआईटी की तैयारी कर रहा था। वह 23 सितंबर को रोज की तरह बेतियाहाता स्थित मोमेंटम कोचिंग संस्थान के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बाद जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। पुलिस जांच में प्रिंस के मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज में मिली थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया था।
नदी में तैरता मिला सड़ा-गला शव
लापता होने के पांचवें दिन की शाम को शेषपुरवा गांव के पास चिलुआताल नदी में एक शव तैरता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव काफी पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान प्रिंस के रूप में की।
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे का शव देख पिता नंदकिशोर का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहम्मदपुर टोला परसौना निवासी नंदकिशोर मोहरीपुर मुख्य चौराहे के पास किराये के मकान में रहते हैं। वह मेडिकल स्टोर चलाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी, बेटा और बेटी भी साथ रहती थी। उन्होंने बताया कि मेरा बेटा प्रिंस 23 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे कैंट थाना क्षेत्र के बेतियाहाता स्थित मोमेंटम इंस्टीट्यूट में कोचिंग के लिए घर से निकला था।
र्गलफ्रेंड, माता-पिता और भाई हिरासत में
नंदकिशोर ने रोते हुए कहा, "मेरा बेटा पढ़ाई में बहुत होनहार और हाईस्कूल टॉपर था, उसका सपना आईआईटी इंजीनियर बनने का था। वह कभी कोचिंग नहीं छोड़ सकता। लव अफेयर के चक्कर में मेरे बेटे की बेरहमी से हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के लिए उसे चिलुआताल में फेंक दिया गया"। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा भी किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है। शक के आधार पर प्रिंस की गर्लफ्रेंड, उसके माता-पिता और भाई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस इन सभी को गुप्त स्थान पर रखकर कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
पुलिस प्रशासन का बयान
चिलुआताल पुलिस के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पहली नजर में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगा की मौत डूबने से हुई या गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।










