गीडा को नई औद्योगिक पहचान: तीन जून को फ्लैटेड फैक्ट्री का लोकार्पण करेंगे सीएम योगी, उद्यमियों को बड़ा लाभ

गोरखपुर|21 घंटे पहले
तीन जून को फ्लैटेड फैक्ट्री का लोकार्पण करेंगे सीएम योगी, उद्यमियों को बड़ा लाभ

पूर्वांचल के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन जून को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में निर्मित अत्याधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। करीब 42.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह परियोजना प्रदेश की दूसरी फ्लैटेड फैक्ट्री है। जिसे विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री गीडा क्षेत्र में श्रमिकों के लिए निर्मित एलआईजी एवं ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ लगभग 208 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

गीडा के औद्योगिक सेक्टर-13 में 10,860 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स आधुनिक औद्योगिक सुविधाओं से लैस है। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप तैयार इस परियोजना में प्लग एंड प्ले मॉडल अपनाया गया है। जिसके तहत उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए बुनियादी ढांचे की अलग से व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी। सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से उपलब्ध होने के कारण इकाई आवंटित होने के बाद उद्यमी सीधे उत्पादन कार्य शुरू कर सकेंगे। कॉम्प्लेक्स के जी प्लस थ्री इंडस्ट्रियल ब्लॉक में 80 औद्योगिक इकाइयों के लिए स्थान विकसित किया गया है। यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम और अन्य व्यावसायिक सेवाओं के लिए अलग से स्थान निर्धारित किया गया है। गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार इस परियोजना से विशेष रूप से रेडीमेड गारमेंट, आईटी, फार्मा तथा अन्य प्रदूषण रहित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। अनुमान है कि फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स के संचालन से प्रत्यक्ष रूप से एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके सहायक उद्योगों और सेवा क्षेत्रों में भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

श्रमिकों को मिलेगा अपने कार्यस्थल के पास आवास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा सेक्टर-11 स्थित एलआईजी और ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। करीब 18.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना में तीन आवासीय टावरों के माध्यम से कुल 96 फ्लैट तैयार किए गए हैं। जिनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और अल्प आय वर्ग (एलआईजी) के लिए 48-48 आवास शामिल हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विकसित इस योजना का उद्देश्य गीडा में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल के निकट गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है। आवासीय परिसर में पार्क, सामुदायिक केंद्र, खेल मैदान तथा व्यावसायिक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है। सभी आवासों का आवंटन गीडा में संचालित इकाइयों के श्रमिकों को ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया है।

208 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भी होगा शुभारंभ

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में विकसित 71 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। लगभग 207.96 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, नाली, पुलिया, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ीकरण, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज नेटवर्क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गीडा की औद्योगिक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। गोरखपुर पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत पहचान स्थापित करेगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।