गीडा में लॉजिस्टिक्स हब की ओर बड़ा कदम: तीन वेयरहाउस इकाइयों की तैयारी तेज, भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू

गोरखपुर|
 तीन वेयरहाउस इकाइयों की तैयारी तेज, भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू

गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। गीडा में तीन आधुनिक वेयरहाउस इकाइयों की स्थापना की तैयारी शुरू हो गई है। मुंबई की मैसर्स पीपल ट्री लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड ने इसके लिए आवेदन किया है, जिसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

यूपीसीडा ने गीडा प्रशासन और सहजनवा एसडीएम को पत्र भेजकर उपयुक्त भूमि चिन्हित करने और विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद तहसील प्रशासन ने नगवां, मुजैला और तेनुआ क्षेत्र के आसपास जमीन चिन्हित करने की कवायद शुरू कर दी है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि भूमि एकीकृत हो और 12 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ी हो।

उद्योगों को मिलेगी बड़ी राहत

वेयरहाउस बनने के बाद गीडा में स्थापित उद्योगों को कच्चे माल और तैयार उत्पादों के भंडारण की बड़ी सुविधा मिलेगी। अभी तक भंडारण की कमी के चलते उद्यमियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन इस परियोजना के पूरा होने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।

सरकार की नीतियों से बढ़ रहा निवेश

प्रदेश सरकार की औद्योगिक नीतियों और प्रोत्साहन योजनाओं का असर अब साफ दिखने लगा है। स्टांप ड्यूटी, बिजली शुल्क और विकास शुल्क में छूट के साथ ही निवेश पर सब्सिडी जैसे प्रावधानों ने निवेशकों को आकर्षित किया है। यही वजह है कि बाहरी कंपनियां भी गीडा में निवेश के लिए आगे आ रही हैं।

20 करोड़ से अधिक निवेश का प्रावधान

यूपीसीडा के अनुसार, वेयरहाउस परियोजना के लिए न्यूनतम 20 करोड़ रुपये का निवेश और कम से कम एक लाख वर्ग फीट भूमि आवश्यक है। प्रस्तावित तीनों इकाइयां इन मानकों के अनुरूप विकसित की जाएंगी।

जल्द भेजी जाएगी रिपोर्ट

एसडीएम सहजनवा केशरी नंदन तिवारी ने बताया कि भूमि चिन्हांकन की जिम्मेदारी कानूनगो और लेखपाल को सौंप दी गई है। जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर यूपीसीडा को भेज दी जाएगी, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।