अंतिम चरण में कल्याण मंडपम का काम: निरीक्षण में निर्माण कार्यों की समीक्षा की, समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

गोरखपुर|1 घंटा पहले
निरीक्षण में निर्माण कार्यों की समीक्षा की, समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की ओर से बशारतपुर और नकहा नंबर-2 में बनाए जा रहे दो कल्याण मंडपमों का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने दोनों परियोजनाओं का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और शेष निर्माण निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इन दोनों भवनों के लोकार्पण की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।

निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि सभी शेष कार्य तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों दोनों कल्याण मंडपमों के लोकार्पण की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के समय प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश प्रताप, सहायक अभियंता एके तायल, धर्मेश तथा प्राधिकरण के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

आधुनिक सुविधाओं से होंगे सुसज्जित भवन

दोनों कल्याण मंडपमों में प्रत्येक तल पर दो बड़े हॉल बनाए गए हैं। इसके अलावा किचन, स्टोर, कार्यालय, चेंजिंग रूम तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। प्रथम तल पर अटैच बाथरूम वाले आवासीय कमरे भी तैयार किए गए हैं। परिसर में आकर्षक लॉन, फव्वारा और इंटरलॉकिंग टाइल्स से विकसित पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी। भवन परिसर में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और घास का लॉन भी विकसित किया जाएगा। इन कल्याण मंडपमों को मध्यम और अल्प आय वर्ग के लोगों को रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की योजना है।

सात में तीन मंडपम पहले ही हो चुके हैं शुरू

मुख्यमंत्री की विधायक निधि से गोरखपुर शहर में कुल सात कल्याण मंडपम बनाए जा रहे हैं। इनमें बाबा गंभीरनाथ नगर, जंगल तुलसीराम और बिछिया-माधवनगर स्थित तीन कल्याण मंडपमों का लोकार्पण पहले ही हो चुका है। शेष चार निर्माणाधीन परियोजनाओं में बशारतपुर का मंडपम 2,593 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 3.40 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है, जबकि नकहा नंबर-2 में 2,461 वर्गमीटर क्षेत्रफल में करीब 3.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य चल रहा है। दोनों परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही लोकार्पण के लिए तैयार हो जाएंगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।