राज्यकर विभाग को नया भवन मिलने की उम्मीदः: आग लगने के बाद अस्त-व्यस्त हो गई हैं व्यवस्थाएं, बारिश में डूब जाती है पार्किंग

गोरखपुर|06 मार्च 2026
आग लगने के बाद अस्त-व्यस्त हो गई हैं व्यवस्थाएं, बारिश में डूब जाती है पार्किंग

शहर के तारामंडल स्थित राज्य कर विभाग को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया कार्यालय मिलने की उम्मीद है। इसको लेकर हुई मीटिंग्स के बाद अब निर्माण की कवायद शुरु हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरु होने की उम्मीद है। गोरखपुर राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-दो संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल सभी डिपार्टमेंटल कार्य पुराने भवन में ही संचालित किए जा रहे हैं। नया भवन मिल जाने से विभागीय कार्यों के साथ ही व्यापारियों को भी काफी सहूलियत होगी।

दरअसल, जनवरी महीने में शार्ट सर्किट से लगी आग के बाद राज्य कर कार्यालय की ऊपरी मंजिल पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है। इसके चलते सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को अब नीचे के कमरों में बैठकर काम करना पड़ रहा है। अधिक स्टाॅफ संख्या व कम जगह के चलते एक-एक कमरे में चार से पांच अधिकारियों को बैठना पड़ रहा है। विभागीय कार्यों को रफ्तार देने के लिए अब नया भवन बनाने की कवायद शुरु हुई है। हालांकि यह भवन उसी बिल्डिंग के ऊपरी मंजिल पर बनाया जाएगा या फिर किसी नई जगह यह स्पष्ट नहीं किया गया है।

15 मार्च को आएगी डिटेल रिपोर्ट

अपर आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि ऊपरी तल पर आग लगने के बाद जो दस्तावेज व कम्प्यूटर बचे थे उन्हें निचले तल पर शिफ्ट किया गया है। इससे जगह काफी कम हो गई है। हालांकि विभागीय कार्य पहले की तरह ही संचालित किए जा रहे हैं। सभी कर्मचारी व अधिकारी इसी तल से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने के बाद से ही उच्चाधिकारियों के साथ मीटिंग चल रही है। 15 मार्च को इसकी डिटेल रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद ही यह तय हो पाएगा कि किसी नई जगह विभाग का भवन बनेगा या इसी बिल्डिंग को विस्तार दिया जाएगा।

जर्जर हो चुका है पुराना भवन

राज्यकर विभाग का वर्तमान भवन काफी पुराना हो चुका है। दीवार व छतों में दरारें पड़ गई हैं। बारिश के मौसम में छतें चूने लगती हैं, जिससे डॉक्यूमेंट्स के खराब होने का भय रहता है। वहीं, भूतल में बनी पार्किंग में खड़ी गाड़ियां पानी में डूब जाती हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।