मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई: छह लोग घायल, एक महिला के दोनों हाथ फ्रैक्चर

कुशीनगर|4 घंटे पहले
छह लोग घायल, एक महिला के दोनों हाथ फ्रैक्चर

कुशीनगर से गंभीर रूप से बीमार बुजुर्ग महिला को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल लेकर आ रही सरकारी एंबुलेंस गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हो गई। रामपुर बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से एंबुलेंस की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में बुजुर्ग महिला, उनकी बहू और बेटी शामिल हैं। तीनों का नेहरू अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं, चालक और दोनों ईएमटी को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिले के तरयासुजान क्षेत्र स्थित गढ़या चिंतामन गांव निवासी 67 वर्षीय फूलकली देवी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरयासुजान में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रविंद्र नगर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजने का निर्णय लिया। इसके बाद परिजन सरकारी एंबुलेंस से उन्हें लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए थे।

टक्कर में महिला के सिर में गंभीर चोट

बताया जा रहा है कि रात करीब 12:30 बजे एंबुलेंस गुलरिहा क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंची थी। इसी दौरान आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे में फूलकली देवी के सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी बहू ममता देवी के दोनों हाथ फ्रैक्चर हो गए। वहीं, बेटी मंजू देवी के चेहरे पर चोट लगी है। वहीं महाराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र स्थित रामनगर निवासी एंबुलेंस चालक गणेश यादव भी घायल हो गए। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी सुरेंद्र और सुरेश कुशवाहा को भी चोटें आई हैं।

पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले की आवश्यक जांच की जा रही है। दोनों वाहनों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।