बाबाधाम से लौट रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई: मां-बेटे की मौत, तीन बच्चों समेत आठ घायल

कुशीनगर|09 जून 2026
मां-बेटे की मौत, तीन बच्चों समेत आठ घायल

बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। जबकि तीन बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर होटल महाविहार के समीप हुआ। जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी एक परिवार देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की गति अत्यधिक तेज थी। अनुमान है कि कार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पेड़ से टकरा गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने संभाला मोर्चा

हादसे के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर बख्तियारपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान उपेंद्र सिंह और उनकी मां फूलमती देवी के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में मां-बेटे थे। वहीं घायलों में निक्की देवी, वीर, पवन, रुकमनी देवी, रेणु देवी, संजना सिंह, पायल और चालक सिद्दिकी शामिल हैं। सभी की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस कर रही जांच

थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों मृतकों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।