नारायणी नदी में नहाने गए दो किशोर लापता: तीन बच्चों को सुरक्षित निकाला बाहर, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

बरवापट्टी थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गांव के पास नारायणी नदी में स्नान करने गए 10 बच्चों में से दो किशोर अचानक लापता हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और नदी किनारे कार्य कर रहे मजदूरों की तत्परता से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जबकि दो किशोरों की तलाश के लिए प्रशासन ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गांव के बच्चे और किशोर नारायणी नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव में फंस गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद मजदूर और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। मजदूर रामकिशन प्रसाद ने बताया कि पांच बच्चे गहरे पानी में संघर्ष कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाई। तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन दो किशोर पानी में लापता हो गए।
प्रशासन ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
लापता किशोरों की पहचान पवन पुत्र विजय और शिवम पुत्र सुप्रजल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों की टीम को नदी में उतारकर खोज अभियान शुरू कराया गया है। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि किशोरों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक हाल के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ा है। जिससे कई स्थानों पर गहरे गड्ढे और तेज बहाव बन गया है। ऐसे क्षेत्रों में स्नान करना जोखिमपूर्ण साबित हो सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









