बॉडी मिलने के बाद भड़का परिजनों का आक्रोश: सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, हत्या का लगाया आरोप

पडरौना कोतवाली क्षेत्र में 45 वर्षीय राजकुमार कुशवाहा की बॉडी मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमॉर्टम के बाद जैसे ही बॉडी गांव पहुंची। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए ग्रामीणों के साथ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पडरौना-जटहा मुख्य मार्ग पर खिरकिया पुल के पास बॉडी रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी के साथ निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पडरौना कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि राजकुमार कुशवाहा की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण शांत हुए और चक्का जाम समाप्त कर दिया। बाद में बॉडी को अंतिम संस्कार के लिए खिरकिया घाट ले जाया गया। जाम हटने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप
मृतक के चाचा तुफानी कुशवाहा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। उनका कहना है कि घटना सुनियोजित प्रतीत होती है। इसकी गहन जांच कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम के दौरान मृतक का बिसरा सुरक्षित रखा गया है। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









