दो बहनों की संदिग्ध मौत: प्रेम संबंधों को लेकर ऑनर किलिंग की आशंका, दो भाई हिरासत में

कुशीनगर|09 जून 2026
प्रेम संबंधों को लेकर ऑनर किलिंग की आशंका, दो भाई हिरासत में

सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली स्थित देवनारायण टोला में एक ही परिवार की दो सगी बहनों की बॉडी मिलने से सनसनी फैल गई। घर की एक कोठरी से दोनों युवतियों की बॉडी बरामद होने के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद और कथित ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दो भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक युवतियों की पहचान 20 वर्षीय लाली और 18 वर्षीय शीला के रूप में हुई है। दोनों रामप्रसाद निषाद की बेटियां थीं। सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बहनों के गांव के ही दो युवकों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव और मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि युवतियों के पिता ने पहले भी संबंधित युवकों के खिलाफ कई केस दर्ज कराए थे। उन मामलों में पुलिस ने दोनों युवतियों को बरामद भी किया था। लेकिन इसके बावजूद उनका संपर्क युवकों से बना रहा। जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि करीब 15 दिन पहले परिवार के सदस्यों ने दोनों बहनों के मोबाइल फोन छीन लिए थे। पुलिस का मानना है कि इसके बाद घर के भीतर विवाद और अधिक बढ़ गया। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ ऐसे तथ्य मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस को संदेह है कि पारिवारिक विवाद हिंसक रूप ले सकता था।

साक्ष्य जुटा रही पुलिस

पुलिस का आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों बहनों के साथ मारपीट की गई। जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में दोनों भाइयों सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

गांव में पसरा मातम

घटना के बाद देवनारायण टोला में शोक और सन्नाटे का माहौल है। एक ही परिवार की दो युवा बेटियों की मौत ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। गांव में पूरे दिन इसी घटना की चर्चा होती रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यदि प्रारंभिक आशंकाएं सही साबित होती हैं तो यह मामला सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक असहमति के नाम पर की गई एक गंभीर ऑनर किलिंग के रूप में दर्ज हो सकता है। जांच पूरी होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।