जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस से मारपीट: दो भाइयों के विवाद ने लिया उग्र रूप, दो आरोपी अरेस्ट

पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के बिंदवलिया गांव में जमीन विवाद के निस्तारण के लिए पहुंची डायल-112 पुलिस टीम के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो सगे भाइयों के बीच पैतृक घर की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर किसी पक्ष ने डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति हाथापाई तक पहुंच गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट भी की।
वायरल वीडियो से खुली घटना की परतें
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक तथा धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है। ग्राम प्रधान अख्तर अली के अनुसार, विवाद गांव के नियाज और रोजदिन के बीच चल रहा था। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में बहस बढ़ने के बाद पुलिस को बुलाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली पीआरवी टीम के साथ विवाद बढ़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर बुलाना पड़ा।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पड़रौना कोतवाल ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट की सूचना के आधार पर दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो सहित सभी तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका भी तय की जाएगी। आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









