अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला: ‘आग लगाना बंद करें’, महिला विधायक पर भी कसा तंज

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ और गाजियाबाद में हुई आग की घटनाओं को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को आग लगाना बंद करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं में आम लोग प्रभावित हो रहे हैं और कई लोग झुलस चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के बीच महिलाओं को सड़कों पर उतारना गलत है। उनके मुताबिक, अगर सरकार को महिला आरक्षण देना ही था तो इसे तुरंत लागू करना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से मुद्दों को उछाल रही है।
अखिलेश यादव ने भाजपा की एक महिला विधायक पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सुना है किसी को काफी नुकसान हो गया है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष की तैयारी करते-करते यह भी नहीं समझ पाए कि पुतला कैसे बनाया जाता है। दरअसल, हाल ही में बहराइच में प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल पुतला फूंकते समय झुलस गई थीं। यह प्रदर्शन नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर किया जा रहा था। इस घटना को लेकर सियासत और भी गरमा गई है।
गाजीपुर घटना पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक बेटी की मौत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ सही व्यवहार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में नई धाराएं जोड़ दी गई हैं लेकिन सही जानकारी सामने नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस मामले को गंभीरता से ले रही है। पार्टी ने पीड़ित परिवार को लाख लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि एक प्रतिनिधिमंडल दोबारा परिवार से मिलने जाएगा और पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा।
पीडीए और सामाजिक न्याय पर जोर
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के अधिकारों की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इन वर्गों को उनका हक दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लंबी हो सकती है लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी जैसी संस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन संस्थानों ने देश को बड़ी हस्तियां दी हैं और देश के सम्मान को बढ़ाया है।
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल
सपा प्रमुख ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कई मामलों में सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को पारदर्शिता दिखानी चाहिए और हर मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
किसानों और बुनकरों के लिए बड़े वादे
अखिलेश यादव ने किसानों और बुनकरों को लेकर भी बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने बुनकरों के लिए भी योजनाओं की बात की। उन्होंने याद दिलाया कि उनकी सरकार के दौरान बुनकरों को मुफ्त बिजली दी जाती थी और भविष्य में भी उनके सम्मान के लिए काम किया जाएगा।
महंगाई और स्वास्थ्य व्यवस्था पर हमला
अखिलेश यादव ने महंगाई के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद खाद्य पदार्थ, डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढ़ सकती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस विभाग को खुद इलाज की जरूरत है। उन्होंने इशारों में डिप्टी सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदार लोग हटेंगे नहीं तब तक व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










