हजरतगंज के ब्यूटी पार्लर में लगी भीषण आग: छत पर फंसे दो लोगों को बचाया, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

राजधानी के हजरतगंज स्थित गौतमपल्ली थाना क्षेत्र की क्रिश्चियन कॉलोनी में गुरुवार सुबह एक ब्यूटी पार्लर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे भवन में धुआं भर गया। ऊपरी मंजिल पर मौजूद दो लोग उसकी चपेट में आकर छत पर फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पार्लर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, सुबह 5:42 बजे कंट्रोल रूम को क्रिश्चियन कॉलोनी स्थित 'जस्ट फॉर डिवाइस' ब्यूटी पार्लर में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही हजरतगंज फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर और चौक फायर स्टेशन की टीम को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों के पहुंचने पर पता चला कि आग भवन के भूतल पर संचालित पार्लर में लगी थी। जबकि ऊपर की दोनों मंजिलों पर लोग रह रहे थे। आग से उठे घने धुएं के कारण भवन में मौजूद हफीज उल्ला और शादाब खान छत पर पहुंच गए थे। फायरकर्मियों ने तत्काल सीढ़ी लगाकर दोनों को सुरक्षित नीचे उतारा और उन्हें प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई।
एक घंटे बाद आग पर पाया गया काबू
दमकल विभाग की टीम ने मोटर फायर इंजन की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। साथ ही स्मोक एग्जॉस्टर के जरिए भवन में भरे धुएं को बाहर निकाला गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। मकान मालिक के अनुसार, आग भूतल पर संचालित ब्यूटी पार्लर में लगी थी। जिसकी संचालिका दीपिका राठौड़ हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लेकिन पार्लर का फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गया। फायर विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।











