लखनऊ में युवक का बिस्तर पर पड़ा मिला शव: जमीन विवाद में हत्या की आशंका, देर रात नशे की हालत में आये थे घर

लखनऊ के बख्शी का तालाब बीकेटी इलाके के कोटवा में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करने वाले युवक सोमेंद्र शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिसमें परिजनों ने जमीन विवाद के चलते दोस्त पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सुबह जगाने गए तो वह बेसुध मिला। एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सोमेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है। सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। उनके छोटे भाई अमित शुक्ला ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे सोमेंद्र अपने दोस्त सुमित शर्मा के साथ घर से निकले थे। रात लगभग 11 बजे वह नशे की हालत में घर लौटे। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शराब में जहर देने का आरोप
मंगलवार सुबह जब पत्नी अंजलि शुक्ला उन्हें जगाने पहुंचीं, तो वह बिस्तर पर बेसुध थे। परिजनों का आरोप है कि सोमेंद्र को शराब में कोई संदिग्ध पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके कारण उनकी मौत हुई। अमित शुक्ला ने इस मामले में सोमेंद्र के मित्र सुमित शर्मा और विवेक मिश्रा पर संदेह व्यक्त किया है।
जमीन विवाद बनी हत्या की वजह
परिवार के अनुसार, इस घटना के पीछे जमीन विवाद एक बड़ी वजह है। करीब चार महीने पहले सोमेंद्र की 13 स्क्वायर फीट जमीन विवेक मिश्रा के नाम दर्ज कराई गई थी। विवाद बढ़ने पर परिवार ने पांच लाख रुपए देकर यह जमीन वापस सोमेंद्र की पत्नी अंजलि शुक्ला के नाम कराई थी।
रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
परिजनों का आरोप है कि लगभग डेढ़ माह पहले विवेक मिश्रा ने फिर से दबाव बनाकर और शराब पिलाकर उसी जमीन का बैनामा अपने साले के नाम करा लिया था। इसी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











