लखनऊ में सदन में हंगामे पर सीएम योगी का तीखा हमला: विपक्ष का व्यवहार गरिमा के अनुरूप नहीं, नियमों की अनदेखी करना बिल्कुल गलत

उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन भी विपक्ष के हंगामे के बीच कार्यवाही बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए विपक्ष के रवैये को लोकतांत्रिक परंपराओं और विधानसभा की मर्यादा के विपरीत बताया।
सीएम योगी ने कहा कि सदन की कार्यवाही निर्धारित नियमों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित होती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्रक्रिया एवं संचालन नियमावली के नियम-59 के तहत जिन मामलों पर न्यायाधिकरण या आयोग में सुनवाई चल रही हो, उन पर सदन में चर्चा नहीं की जा सकती। केवल विशेष परिस्थितियों में अध्यक्ष की अनुमति से ही इस पर विचार संभव है, यदि इससे जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो।
राम मंदिर प्रकरण का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर से जुड़ा मामला न्यायालय में लंबित है। ऐसे संवेदनशील विषय पर विपक्ष का व्यवहार न केवल सदन की गरिमा के खिलाफ है बल्कि न्यायिक प्रक्रिया का भी अनादर है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और विपक्ष ने विधानसभा की मर्यादा का उल्लंघन किया है। मुख्यमंत्री ने इसे अलोकतांत्रिक और शर्मनाक बताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश ने विधानसभा में विपक्ष का आचरण देखा है।











