IAS बने 29 अफसरों से बोले सीएम योगी: जनविश्वास को दें अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता, पदोन्नति को बताया जनसेवा का बड़ा अवसर

लखनऊ|10 घंटे पहले
जनविश्वास को दें अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता, पदोन्नति को बताया जनसेवा का बड़ा अवसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) कैडर में पदोन्नत हुए 29 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अधिकारियों से प्रशासनिक अनुभव का उपयोग सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को केंद्र में रखकर करने का आह्वान किया।

लखनऊ में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आईएएस कैडर में पदोन्नति केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है। प्रदेश और देश की सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि वर्षों के प्रशासनिक अनुभव के आधार पर अधिकारी शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुख बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ सुशासन को और मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

संवेदनशील और जवाबदेह कार्यशैली अपनाने की सलाह

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है और इस यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सरकार की प्राथमिकताओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आग्रह किया। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को संवेदनशील, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है। इसे बनाए रखना हर अधिकारी का दायित्व है। बैठक में पदोन्नत अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नई जिम्मेदारियों का निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने तथा प्रदेश के विकास एवं सुशासन को और सशक्त बनाने का भरोसा दिलाया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।