यूपी में डिजिटल जनगणना की शुरुआत: मुख्य सचिव और लखनऊ डीएम ने खुद भरा फॉर्म, राजधानी ने हासिल किया तीसरा स्थान

लखनऊ|08 मई 2026
मुख्य सचिव और लखनऊ डीएम ने खुद भरा फॉर्म, राजधानी ने हासिल किया तीसरा स्थान

प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारी तेज हो गई है। सात मई से शुरू हुई स्व-जनगणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया के पहले ही दिन लोगों में अच्छा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश के मुख्य सचिव एसी गोयल और लखनऊ डीएम विशाख जी ने खुद ऑनलाइन फॉर्म भरकर इस अभियान की शुरुआत की। सरकार इसे डिजिटल और पारदर्शी जनगणना की दिशा में बड़ा कदम मान रही है।

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीएम विशाख जी. ने एनआईसी सभागार में ऑनलाइन फॉर्म भरा। उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया बेहद आसान रही और इसमें केवल पांच मिनट का समय लगा। डीएम ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोग घर बैठे अपनी जानकारी आसानी से दर्ज कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और डेटा भी ज्यादा सटीक तरीके से जुटाया जा सकेगा।

पहले दिन लखनऊ तीसरे स्थान पर

प्रदेश स्तर पर जारी रिपोर्ट के मुताबिक, पहले दिन स्व-जनगणना प्रक्रिया में सोनभद्रा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं औरैया दूसरे नंबर पर रहा। राजधानी लखनऊ तीसरे स्थान पर पहुंच गई। आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ में 3865 लोगों ने ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की। इनमें से 3296 लोगों ने सफलतापूर्वक फॉर्म भरकर सब्मिट भी किया। राजधानी की पूर्णता दर 85.28 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिकारियों ने इसे अच्छी शुरुआत बताया है।

मुख्यमंत्री के उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने भरा फॉर्म

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अभियान का उद्घाटन किए जाने के बाद मुख्य सचिव एसी गोयल ने भी खुद पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज की। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लोगों से भी इस डिजिटल पहल में भाग लेने की अपील की। इस दौरान शीतल वर्मा, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, नगर आयुक्त गौरव कुमार और कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल जनगणना से डेटा कलेक्शन ज्यादा पारदर्शी और प्रभावी होगा।

घर बैठे भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म

प्रशासन के मुताबिक, इस बार जनगणना में टेक्नोलॉजी को विशेष महत्व दिया गया है। सेल्फ एन्यूमरेशन सुविधा के तहत लोग घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए सरकार ने आधिकारिक पोर्टल शुरू किया है। लोग परिवार के सदस्यों, शिक्षा, रोजगार, आवास और अन्य जरूरी जानकारियां खुद भर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे पारंपरिक जनगणना प्रक्रिया में लगने वाला समय भी कम होगा और त्रुटियों की संभावना भी घटेगी।

डिजिटल सिस्टम से पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद

डीएम विशाख जी. ने कहा कि डिजिटल माध्यम से पूरी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सरल बन गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा नागरिक ऑनलाइन फॉर्म भरें और सरकार के इस अभियान को सफल बनाएं। प्रशासन का मानना है कि ऑनलाइन सिस्टम से डेटा तुरंत सर्वर पर अपडेट होगा। इससे भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकेंगे। खास बात यह है कि लोग अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी फॉर्म भर सकते हैं।

सोनभद्र बना नंबर-1 जिला

प्रदेश की जारी सूची में सोनभद्र ने 95.84 प्रतिशत पूर्णता दर के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं औरैया 91.68 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। लखनऊ तीसरे नंबर पर पहुंचा। सबसे कम स्वगणना वाले जिलों में संतकबीर नगर और कासगंज रहें। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ सकता है। सरकार का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को डिजिटल जनगणना से जोड़ना है, ताकि जनगणना-2027 पूरी तरह आधुनिक और तकनीक आधारित बन सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।