लखनऊ में आज से श्रीराम कथा: जगद्गुरु रामभद्राचार्य सुनाएंगे श्रीराम के आदर्शों की गाथा, नौ दिनों तक राममय रहेगा माहौल

लखनऊ|16 घंटे पहले
जगद्गुरु रामभद्राचार्य सुनाएंगे श्रीराम के आदर्शों की गाथा, नौ दिनों तक राममय रहेगा माहौल

राजधानी में आज से नौ दिवसीय श्रीराम कथा के आध्यात्मिक रंग में रंगने जा रही है। सीतापुर रोड स्थित बृज की रसोई परिसर में एक जून से नौ जून तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में देश के प्रख्यात संत और विद्वान जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी महाराज श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा का दिव्य संदेश देंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कथा स्थल को धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भव्यता के साथ सजाया गया है। जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दे रहा है।

आयोजन समिति के अनुसार कथा प्रतिदिन शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक होगी। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशाल पंडाल का निर्माण कराया गया है। हजारों लोगों के बैठने की क्षमता वाले इस पंडाल में श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित तरीके से कथा श्रवण कराने की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल पर प्रवेश से लेकर निकास तक सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित किया गया है। जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राम मंदिर की भव्य अनुकृति बनेगी मुख्य आकर्षण

इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण अयोध्या के श्रीराम मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया भव्य मंच है। बंगाल के कुशल कारीगरों ने व्यासपीठ के पीछे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की है। जो श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम की अनुभूति कराएगी। मंच की भव्य सजावट, प्रकाश व्यवस्था और पारंपरिक कलाकृतियां कथा स्थल की शोभा को और बढ़ा रही हैं। आयोजकों का दावा है कि यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रभावना का मिलेगा संदेश

आयोजन समिति का कहना है कि श्रीराम कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करने का माध्यम भी है। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। जगद्गुरु रामभद्राचार्य अपनी विद्वत्ता, ओजस्वी वाणी और शास्त्रीय व्याख्या शैली के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं। जिसके कारण उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

कथा आयोजन से पूर्व विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में आयोजन समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कथा मंच के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति के पदाधिकारी राकेश पांडेय, संजीव अग्रवाल, श्यामजी अग्रवाल, सुनील अग्रवाल और मनोज अग्रवाल सहित कई लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन राजधानी के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल होगा और प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।