लखनऊ में छात्रा की गला रेत कर हत्या: घर में अकले होने पर छात्रा से मिलने पहुंचा था सहपाठी, दोनों में था प्रेम संबंध

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय बीसीए की छात्रा स्मृति पांडेय की उनके घर में गला रेत कर हत्या कर दी गई है। छात्रा के शव के पास उसका सहपाठी भी गंभीर हालत में तड़प रहा था। इस मामले में पुलिस ने उनके सहपाठी और कथित मित्र देवांश पाठक को गिरफ्तार किया हैं। घटना के समय छात्रा घर में अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से अमेठी गए हुए थे और बड़ी बहन कॉलेज गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी देवांश पाठक छात्रा के घर पहुंचा था, जहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई। बहस के दौरान आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेत दिया, जिससे छात्रा की मौत हो गई।
इस दौरान आरोपी भी घायल हुआ है। छात्रा की बड़ी बहन जब कॉलेज से वापस आई, तो उसने बहन की लाश और उसके दोस्त को तड़पता देख उसने पुलिस और घर वालों को सूचित किया। आरोपी घटनास्थल पर ही अचेत अवस्था में मिला, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि दोस्त ने ही सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेतकर छात्रा की हत्या की है। छात्रा के माता-पिता बेटी की हत्या की खबर मिलते ही गृह जनपद अमेठी से लखनऊ लौटे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। इसके बाद आरोपी दोस्त को लोकबंधु अस्पताल से इलाज के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
बड़ी बेटी ने दी घटना की सूचना
स्मृति पांडेय (17) टीएस मिश्रा कॉलेज में BCA फर्स्ट इयर की छात्रा थी। पिता शैलेन्द्र पांडेय ने पुलिस को बताया कि स्मृति की बड़ी बहन जागृति (22) बुधवार सुबह 9 बजे कॉलेज गई थी। वह दोपहर को लौटकर घर आई तो मेन गेट खुला था। नीचे के फ्लोर पर कोई नहीं दिखा। इसके बाद जागृति बहन को आवाज लगाते हुए फर्स्ट फ्लोर पर गई। ऊपर के कमरे में घुसते ही जागृति ने स्मृति का खून से लथपथ शव बेड के पास देखा। वहीं, पास में उसके साथ पढ़ने वाला देवांश पाठक भी घायल पड़ा था। बेटी ने तुरंत पुलिस और हम लोगों को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद हम लोग अमेठी से तुरंत ही लखनऊ के लिए निकले।
आरोपी ने कबूला- गुस्से में रेता गला
डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी देवांश को गिरफ्तार किया गया है। वह स्मृति के घर में अकेले होने का मौका देखकर पहुंचा था। देवांश सब्जी काटने वाला चाकू भी साथ लाया था। उसे शक था कि स्मृति किसी अन्य युवक से बातचीत करती है। इसी को लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि स्मृति ने चाकू से अपनी कलाई की नस काटने का प्रयास किया। इसी दौरान चाकू छीनने को लेकर दोनों के बीच छीना-झपटी हुई, जिसमें देवांश के हाथ में भी चोट लग गई। इसके बाद गुस्से में उसने चाकू से स्मृति का गला रेत दिया।
देवांश और स्मृति के बीच था प्रेम संबंध
पुलिस ने देवांश के पास से छात्रा की हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। आरोपी-छात्रा के बीच प्रेम संबंध की बात भी सामने आई है। दोनों ने साथ में इंटर पास किया था। इसके बाद एस मिश्रा कॉलेज में बीसीए में एडमिशन लिया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके मोबाइल की जांच की जा रही है।
पड़ोसियों ने सुनी चीखने-चिल्लाने की आवाजें
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दोपहर के समय घर से लड़ाई-झगड़े और चीखने-चिल्लाने जैसी आवाजें सुनाई दे रही थीं। हालांकि, उन्होंने इसे घर का निजी मामला समझकर टोकाटाकी नहीं की। बाद में पता चला कि घर के अंदर ही स्मृति की हत्या कर दी गई हैं।
रिटायरमेंट के बाद कानपुर में कार्यरत है छात्रा के पिता
छात्रा स्मृति के पिता शैलेन्द्र पांडेय भारतीय सेना से नायब सूबेदार पद से रिटायर हैं। वह अभी एनसीसी में इंस्ट्रक्टर के तौर पर कानपुर में कार्यरत हैं। जबकि, मां किरण पांडेय गृहिणी हैं। स्मृति का भाई सचिन्द्र प्रयागराज में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। छात्रा के परिवार वाले सोमवार को गृह जनपद अमेठी गए थे।
आरोपी के फोन की जांच की जा रही हैं
डीसीपी कमलेश दीक्षित के अनुसार, आरोपी देवांश पाठक को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है और आरोपी के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच की जा रही है।आरोपी लखनऊ के तालकटोरा क्षेत्र का रहने वाला है। मृतका के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त नायब सूबेदार हैं।










