लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा: रनवे पर बंदर आने से टेकऑफ से पहले रोकी गई फ्लाइट, पायलट ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक

चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। टेकऑफ के लिए तैयार फ्लाइट के सामने अचानक एक बंदर आ गया। यह घटना सुबह करीब 8:55 बजे की बताई जा रही है। इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6521 रायपुर के लिए उड़ान भरने वाली थी। फ्लाइट रनवे पर दौड़ भी शुरू कर चुकी थी। तभी पायलट ने बंदर को सामने देखा। तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए गए। इस फैसले ने 135 यात्रियों और क्रू मेंबर की जान बचा ली। इसके बाद फ्लाइट को तुरंत टैक्सी-वे पर शिफ्ट किया गया।
घटना के बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। सभी यात्रियों में कुछ देर के लिए डर और घबराहट का माहौल बन गया। फ्लाइट को रोककर पूरी सुरक्षा जांच की गई। एयरक्राफ्ट की तकनीकी जांच भी की गई, ताकि किसी तरह का जोखिम न रहे। सभी प्रोटोकॉल पूरे करने के बाद फ्लाइट को करीब सवा घंटे की देरी से रवाना किया गया। फ्लाइट ने सुबह 10:05 बजे रायपुर के लिए टेकऑफ किया। एयरपोर्ट स्टाफ और सुरक्षा एजेंसियां पूरे समय अलर्ट रहीं।
रनवे पर एक घंटे तक सक्रिय रहा बंदर
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बंदर करीब एक घंटे तक रनवे और उसके आसपास उछल-कूद करता रहा। इससे एयरपोर्ट ऑपरेशन पर असर पड़ा। सुरक्षा में तैनात ‘फॉलो मी’ वाहन के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद बंदर को भगाया। आखिरकार बंदर एयरपोर्ट की बाउंड्री वॉल पार कर रहीमाबाद गांव की तरफ निकल गया। इस दौरान किसी और फ्लाइट को भी सतर्कता के साथ ऑपरेट किया गया। हालांकि एयरपोर्ट प्रवक्ता ने आधिकारिक तौर पर इस घटना से इनकार किया है, लेकिन सूत्र इसे गंभीर सुरक्षा चूक मान रहे हैं।
यात्रियों में डर
अचानक ब्रेक लगने से फ्लाइट के अंदर बैठे यात्रियों को झटका लगा। कई यात्री घबरा गए। हालांकि क्रू मेंबर ने तुरंत स्थिति संभाली और यात्रियों को शांत कराया। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। यह पायलट की ट्रेनिंग और अनुभव का नतीजा था कि हालात बिगड़ने नहीं पाए। एयरलाइन ने भी बाद में सभी सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह पहली बार नहीं है जब रनवे पर जानवर आने से खतरा पैदा हुआ हो। दो साल पहले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एयर शो के दौरान भी ऐसा ही मामला सामने आया था। उस समय इंडियन एयरफोर्स के फाइटर जेट्स के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया था। इससे वहां भी अफरातफरी मच गई थी। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत एक्शन लेते हुए कुत्ते को रनवे से हटाया था। उस एयर शो में सुखोई और हरक्यूलिस जैसे विमान शामिल थे। करीब ढाई घंटे तक चले इस कार्यक्रम में कई महत्वपूर्ण ऑपरेशन किए गए थे।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










