लखनऊ से बेंगलुरु पहुंची फ्लाइट में मिला ‘BOMB’ लिखा टिश्यू: जांच में नहीं मिला विस्फोटक, सुरक्षा एजेंसियों ने की जांच

लखनऊ से बुधवार सुबह बेंगलुरु पहुंची इंडिगो की फ्लाइट में ‘BOMB’ लिखा टिश्यू पेपर मिलने से हड़कंप मच गया। हालांकि, जांच के दौरान विमान में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। अधिकारियों ने धमकी को फर्जी बताया है।
एयरलाइन के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E321 बुधवार सुबह सात बजे लखनऊ से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी। विमान सुबह 9:40 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यात्रियों के उतरने के बाद विमान में नियमित सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान सफाईकर्मियों को एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर अंग्रेजी में ‘BOMB’ लिखा था।
लखनऊ एयरपोर्ट से कोई संबंध नहीं
टिश्यू पेपर मिलने की सूचना एयरपोर्ट टीम और सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। इसके बाद विमान की गहन जांच की गई। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि मामला बेंगलुरु एयरपोर्ट पर विमान पहुंचने के बाद सामने आया और इसका लखनऊ एयरपोर्ट के संचालन या सुरक्षा व्यवस्था से कोई संबंध नहीं है।











