वाराणसी-दिल्ली विमान की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग: कार्गो में धुएं का अलार्म बजने से हड़कंप, सुरक्षित उतारे गए सभी 155 यात्री

वाराणसी से दिल्ली जा रहे एअर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में कार्गो कंपार्टमेंट का स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के पायलट ने तत्काल लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान को सुबह 8:52 बजे सुरक्षित उतारा गया। विमान में 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। सुबह 9:02 बजे सभी को विमान से उतार लिया गया।
विमान के एयरपोर्ट पर उतरते ही रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड के साथ तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और विमान की जांच शुरू की। जांच के बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया। शुरुआती जांच में विमान के भीतर धुएं का कोई संकेत नहीं मिला।
अलार्म एक्टिव होने का लगाया जा रहा पता
एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म सक्रिय हो गया। इसके बाद पायलट ने एहतियात के तौर पर लखनऊ में लैंडिंग का फैसला लिया। विमान में धुएं का कोई संकेत नहीं मिलने के बावजूद स्मोक अलार्म सक्रिय होने की वजह का पता लगाया जा रहा है।











