लखनऊ में थाने में शिकायत के दौरान भड़कीं शिक्षिका: महिला दरोगा को जड़ दिया थप्पड़, वर्दी फाड़ने का लगा आरोप

महानगर थाने में शिकायत लेकर पहुंची प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका पर महिला दरोगा से हाथापाई और मारपीट करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक शिकायत सुनने के दौरान शिक्षिका अचानक आक्रोशित हो गईं और महिला दरोगा से उलझ गईं। आरोप है कि उन्होंने दरोगा को थप्पड़ मारा और वर्दी फाड़ने की कोशिश की। मामले में महिला दरोगा की तहरीर पर शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, शिक्षिका ने पुलिस पर अपनी शिकायत नहीं सुनने का आरोप लगाया है।
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र के अनुसार विज्ञानपुरी चौकी क्षेत्र की हल्का प्रभारी महिला दरोगा सान्या निरंजन इलाके में गश्त पर थीं। इसी दौरान उन्नाव के सर्वोदय नगर निवासी शिक्षिका अंजली का विज्ञानपुरी क्षेत्र में किसी व्यक्ति से विवाद हो गया। विवाद के बाद वह अपनी शिकायत लेकर महानगर थाने पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक कुछ देर बाद महिला दरोगा भी थाने पहुंचीं और शिक्षिका की शिकायत सुनकर उस पर कार्रवाई कर रही थीं।
अचानक भड़क गईं शिक्षिका
पुलिस का कहना है कि शिकायत पर बातचीत के दौरान शिक्षिका अचानक भड़क गईं। उन्होंने महिला दरोगा से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते हाथापाई करने लगीं। शिक्षिका के जोर-जोर से चिल्लाने पर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले शिक्षिका ने महिला दरोगा को थप्पड़ मार दिया था। साथ ही वर्दी फाड़ने का प्रयास भी किया। इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों को अलग किया।
दरोगा ने दर्ज कराया मुकादमा
घटना के बाद महिला दरोगा सान्या निरंजन ने शिक्षिका के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। इंस्पेक्टर के मुताबिक तहरीर के आधार पर मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिक्षिका पीलीभीत जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं।
शिकायत पर नहीं हुई कार्रवाई
शिक्षिका अंजली ने पुलिस के आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि वह खुद शिकायत लेकर थाने पहुंची थीं, लेकिन उनकी समस्या पर सुनवाई नहीं की गई। शिक्षिका के अनुसार महिला दरोगा थाने आने के बाद उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय दूसरे काम में व्यस्त हो गईं। इसी को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिक्षिका के इन आरोपों को प्राथमिक जांच में निराधार बताया है। अधिकारियों के मुताबिक महिला दरोगा उनकी शिकायत सुन रही थीं और कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान शिक्षिका के अचानक आक्रोशित होने की बात सामने आई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











