नियम के विरुद्ध दौड़ती बसों पर कसेगा शिकंजा: 28 से 30 सितंबर तक चलेगा 'ऑपरेशन कवच', प्रदेशभर में होगी जांच

प्रदेश की सड़कों पर बिना अनुमति और नियमों की अनदेखी कर संचालित बसों के खिलाफ परिवहन विभाग तीन दिन विशेष अभियान चलाएगा। 28 से 30 सितंबर तक ऑपरेशन कवच के तहत बसों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई होगी। विभाग का फोकस सड़क हादसों को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने पर है। इसकी जानकारी ग्रेटर नोएडा में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में परिवहन विभाग के कार्यक्रम में दी गई। यहां लोगों को सड़क सुरक्षा, वाहन संबंधी सुविधाओं और ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए परिवहन विभाग ने उम्र पूरी कर चुके पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने की अपील की। विभाग ने वाहन मालिकों से ऐसे वाहनों को अधिकृत स्क्रैप सेंटर पर जमा कराने को कहा। इससे पुराने और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों की संख्या कम करने में मदद मिलेगी। बीएस-1, बीएस-2, बीएस-3 और बीएस-4 श्रेणी के पुराने वाहनों के मालिक परिवर्तन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने वाहन मालिकों से इस ऑनलाइन सुविधा का इस्तेमाल करने की अपील की है।
हेलमेट-सीट बेल्ट के साथ ड्राइविंग नियमों पर जोर
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया। विभाग ने तेज रफ्तार में वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल इस्तेमाल करने से बचने की अपील की। इन नियमों का पालन सड़क सुरक्षा के लिए जरूरी बताया गया।
52 सेवाओं में फेसलेस सुविधा शुरू
परिवहन विभाग ने अपनी सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया है। विभाग के अनुसार 52 सेवाओं में फेसलेस सुविधा शुरू की गई है, जबकि 40 सेवाओं में ऑटो अप्रूवल की व्यवस्था है। ट्रेड शो में ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी तकनीक की जानकारी दी जा रही है। युवाओं को ड्राइविंग सिमुलेटर के जरिए सुरक्षित ड्राइविंग के तौर-तरीकों से भी परिचित कराया जा रहा है।










