लखनऊ में पल्लवी पटेल का रेल रोको प्रदर्शन: ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं विधायक, चारबाग स्टेशन पर भारी हंगामा

लखनऊ|09 मई 2026
ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं विधायक, चारबाग स्टेशन पर भारी हंगामा

शहर में शनिवार को उस समय बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल अपने हजारों समर्थकों के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ट्रेन रोक दी और इंजन पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की। खुद पल्लवी पटेल भी इंजन पर चढ़ गईं और UGC के समर्थन में नारे लगाने लगीं। इस दौरान स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे और पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।

पल्लवी पटेल की पार्टी अपना दल कमेरावादी के करीब दो हजार कार्यकर्ता चारबाग इलाके में जुटे थे। यहां से सभी विधानसभा की ओर मार्च निकालने वाले थे। लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता भड़क गए और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते भीड़ रेलवे स्टेशन की तरफ दौड़ पड़ी। स्टेशन पर पहुंचते ही प्रदर्शनकारियों ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास एक ट्रेन के इंजन को रोक लिया। इंजन रुकते ही कई कार्यकर्ता उसके ऊपर चढ़ गए। पल्लवी पटेल भी इंजन पर चढ़ीं और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगीं। पूरे स्टेशन परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

पुलिस ने शुरू की हिरासत की कार्रवाई

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया गया। पुलिस एक-एक कर कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर इको गार्डन भेजने लगी। कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि बाद में हालात पर काबू पा लिया गया।

‘जरूरत पड़ी तो एयरपोर्ट भी रोकेंगे’

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी अनिल राज कोरी ने कहा कि पहले बस रोकी थी, आज रेल रोकी है और जरूरत पड़ी तो एयरपोर्ट भी रोक देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित, पिछड़ा और आदिवासी समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि UGC लागू कराने के लिए आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उनके मुताबिक अब तक आंदोलन में शामिल लोगों पर सात मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बहुजन समाज की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है।

पुलिस समझाने में रही नाकाम

प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी लगातार पल्लवी पटेल और उनके समर्थकों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं थे। चारबाग इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।