चारबाग रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरा: टीटीई समेत तीन लोग गंभीर घायल, समय रहते रोकी गई हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस

लखनऊ|29 मई 2026
टीटीई समेत तीन लोग गंभीर घायल, समय रहते रोकी गई हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस

उत्तर भारत के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा भारी टिन शेड अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। जिससे वहां मौजूद टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। हादसे के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई । यात्रियों में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

घायलों को मलबे से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में घायल टीटीई का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। उस समय प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रेनोवेशन कार्य चल रहा है। जिसके कारण उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। इसी वजह से कई ट्रेनों का संचालन प्लेटफॉर्म नंबर-5 से किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, इंटरसिटी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म से रवाना हो चुकी थी और अधिकांश यात्री जा चुके थे। इसी दौरान हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंच रही थी। तभी अचानक प्लेटफॉर्म पर लगा लगभग 60 से 70 फीट लंबा टिन शेड टूटकर नीचे लटक गया। कुछ ही सेकेंड में नीचे गिर पड़ा।

टिन शेड में दब गए टीटीई और यात्री

हादसे के दौरान ड्यूटी पर मौजूद टीटीई भूपेंद्र के साथ दो यात्री अभिषेक और साहिल टिन शेड के नीचे दब गए। जोरदार आवाज सुनते ही स्टेशन पर मौजूद लोग घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने तत्काल हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बचाव दल ने तेजी दिखाते हुए टिन शेड को उठाकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को तत्काल आलमबाग स्थित अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों के मुताबिक, टीटीई भूपेंद्र के पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। वहीं अन्य दो यात्रियों को भी गहरी चोटें आई हैं।

मौके पर पहुंची क्रेन

हादसे के बाद रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म को अस्थायी रूप से खाली करा दिया है। भारी टिन शेड और लोहे के ढांचे को हटाने के लिए मौके पर क्रेन मंगवाई गई है। रेलवे कर्मचारी और तकनीकी टीम लगातार मलबा हटाने में जुटी रही। जिससे प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों का संचालन सामान्य किया जा सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिक जांच में टिन शेड के सपोर्ट सिस्टम में तकनीकी कमजोरी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की असली वजह विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी।

DRM ने दिए जांच के आदेश

उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार ने हादसे का संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि घटना की हर पहलू से जांच कराई जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन परिसर में सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी असामान्य स्थिति की तुरंत सूचना रेलवे कर्मचारियों को दें।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।