योगी का 'ग्रीन' बर्थडे: पर्यावरण दिवस पर औषधि वन की स्थापना, बच्चों संग किया पौधरोपण

लखनऊ|1 घंटा पहले
पर्यावरण दिवस पर औषधि वन की स्थापना, बच्चों संग किया पौधरोपण

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने जन्मदिन के अवसर को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ते हुए कुकरैल रेंज में महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना की। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ पौधरोपण कर औषधीय वन का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान नीम, अर्जुन, अशोक, जामुन सहित दो दर्जन से अधिक औषधीय पौधे लगाए गए, जिनकी कुल संख्या 200 से अधिक रही। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मिठाई बांटकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।

सीएम योगी ने 5 कालिदास मार्ग स्थित आवास से पौधरोपण कर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। जिसके बाद वे कुकरैल पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ मिलकर औषधीय पौधे लगाए। औषधि वन को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हैं। इनके संरक्षण के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।

प्रदेश में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य

पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में पांच करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस महाअभियान में सभी 18 मंडलों और विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में राज्य में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। जो हरित उत्तर प्रदेश की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

सीएम योगी की अपील: ‘मां के नाम लगाएं एक पेड़’

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने सिटी फॉरेस्ट और ग्रामीण क्षेत्रों में हरित क्षेत्र विकसित करने पर जोर दिया। कहा कि वन विभाग द्वारा 50 करोड़ से अधिक पौधों की नर्सरी तैयार की गई है। जिससे अभियान को मजबूती मिलेगी।

बच्चों को दी पर्यावरण संरक्षण की सीख

मुख्यमंत्री ने औषधि वन लगाने वाले बच्चों को तीन प्रमुख संदेश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्लास्टिक वेस्ट सार्वजनिक स्थानों, जलस्रोतों या जंगलों में न फेंके। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बारिश के पानी की एक-एक बूंद का संरक्षण जरूरी है। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि खाली स्थानों पर पौधे लगाए जाएं और किसी भी पेड़ को नुकसान न पहुंचाया जाए।

‘पर्यावरण से खिलवाड़ की कीमत समाज चुका रहा है’

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते दशकों में मानव समाज ने पर्यावरण के साथ अनावश्यक छेड़छाड़ की है। जिसका असर आज जलवायु परिवर्तन और मौसम चक्र में बदलाव के रूप में सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि यह समय आत्ममंथन का है। हर नागरिक को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी समझनी होगी।

हरित विकास की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश हरित विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सिटी फॉरेस्ट, औषधि वन और व्यापक पौधरोपण अभियान के जरिए राज्य में पर्यावरण संतुलन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही सफल होगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।