महराजगंज में आमने-सामने भिड़ीं दो कारें: एक की मौत; सात घायल, तीन की हालत गंभीर

पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर ओवरब्रिज पर दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, सात लोग घायल हो गए। हादसे में तीन घायलों की हालत गंभीर बताई गई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुरंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सीएचसी में प्राथमिक इलाज के बाद तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें महराजगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुरंदरपुर पुलिस ने गंभीर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने में मदद की। वहां चिकित्सकों ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के साथ परिवार के लोगों का पता लगाने में जुटी है।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुरंदरपुर थाना अध्यक्ष गौरव कनौजिया ने बताया कि मोहनापुर ओवरब्रिज पर अर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में घायल एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और घटनास्थल से आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
वाहन हटाकर सामान्य कराया गया यातायात
हादसे के बाद ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। हादसे की परिस्थितियों और टक्कर की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की पहचान और दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।










