महराजगंज में इंजेक्शन के बाद मासूम की मौत पर बवाल: परिजनों ने नर्सिंग होम में की तोड़फोड़, स्टाफ पर लापरवाही का आरोप

सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान नौ वर्षीय बालक की मौत के बाद बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही मिनट बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल का स्टाफ नर्सिंग होम बंद कर वहां से चला गया। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल पर पथराव करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र की एक महिला अपने नौ वर्षीय बेटे को उपचार के लिए विवेकानंद नगर वार्ड स्थित निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान स्टाफ ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया। इसके करीब पांच मिनट बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में भगदड़ मच गई।
पथराव के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
मासूम की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। आरोप है कि स्टाफ शव परिजनों को सौंपकर नर्सिंग होम बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद भीड़ ने अस्पताल पर ईंट-पत्थर चलाते हुए विरोध जताया। सूचना पर पहुंची सिसवा चौकी पुलिस ने हालात पर काबू पाया। पुलिस ने बाद में फरार स्टाफ के एक सदस्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
नहीं मिली तहरीर
स्थानीय सूत्रों ने दावा किया कि इसी नर्सिंग होम में 23 जून को भी इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हुई थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के मुताबिक मौजूदा मामले में समझौते के प्रयास भी चलते रहे, जिसके बाद परिजन लौट गए। सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हिरासत में लिए गए व्यक्ति को छोड़ दिया गया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









