महराजगंज में दिव्यांग रेलवे कर्मचारी पर हमला: बंधक बनाकर महिला से किया रेप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बृजमनगंज रेलवे कॉलोनी में एक दिव्यांग रेलवे कर्मचारी और उसकी पत्नी के साथ हुई वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि एक युवक ने पहले रेलवे कर्मचारी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसकी पत्नी को जबरन घर से खींचकर पास स्थित परित्यक्त रेलवे भवन में ले गया और उसके साथ रेप किया। घटनास्थल रेलवे स्टेशन, रेलवे कॉलोनी और बृजमनगंज थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और रातभर की तलाश के बाद आरोपी को अरेस्ट कर लिया। घायल रेलवे कर्मचारी का गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। वहीं, पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृजमनगंज रेलवे कॉलोनी में रहने वाले दिव्यांग रेलवे कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ आवास में सो रहे थे। आरोपी नीरज पांडेय वहां पहुंचा और कर्मचारी पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला को जबरन घर से बाहर ले गया और रेलवे कॉलोनी के एक परित्यक्त भवन में उसके साथ रेप किया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा और महिला की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पीड़िता परित्यक्त रेलवे भवन से बरामद हुई। इसके बाद उसे भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गोरखपुर में घायल का चल रहा इलाज
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पूरी रात संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने महुलानी गांव के मोड़ से आरोपी नीरज पांडेय को अरेस्ट कर लिया। आरोपी महुलानी ग्राम सभा के सिकंदरपुर टोला का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल कर्मचारी का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह पहले पत्नी आई थी रेलवे कॉलोनी
जानकारी के अनुसार, रेलवे कर्मचारी पिछले करीब एक वर्ष से रेलवे कॉलोनी के आवास में रहकर चौकीदारी की ड्यूटी कर रहे थे। उनकी पत्नी करीब एक सप्ताह पहले ही उनके पास रहने आई थीं। दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। परिवार मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के बेलहवा ब्लॉक का निवासी है। उनके बेटे खेती और मजदूरी का कार्य करते हैं। बृजमनगंज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर केपी सिंह ने बताया कि घायल कर्मचारी का फोन आया था। उसने बताया कि घर में चोर घुस आया है और उसके साथ मारपीट कर रहा है। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां वह गंभीर रूप से घायल मिला। वहीं, उसकी पत्नी वहां नहीं थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील गुप्ता ने बताया कि घायल रेलवे कर्मचारी के सिर में गंभीर चोटें थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें और उनकी पत्नी को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि मामले में में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।










