महराजगंज में सिपाही ने नशे में धुत युवक को पीटा: दिव्यांग रिक्शा चालक विवाद में पहुंची पुलिस, वीडियो वायरल होने पर हेड कांस्टेबल सस्पेंड

जिले के घुघली थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। पकड़ी सिसवा चौराहे पर दिव्यांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा (50) के साथ मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस खुद ही विवाद में उलझ गई। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह और नशे में धुत युवक रामउग्रह के बीच जमकर हाथापाई हुई। बीच सड़क पर करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट चलती रही। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरी घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे रामउग्रह नाम का युवक दिव्यांग रिक्शा चालक भकोल शर्मा के साथ मारपीट कर रहा था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। हालात को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन स्थिति जल्द ही बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि रामउग्रह नशे की हालत में था। उसने पुलिसकर्मी के साथ ही अभद्रता शुरू कर दी। उसने सिपाही का कॉलर पकड़ लिया और उसे जमीन पर गिरा दिया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए।

30 मिनट तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
स्थिति नियंत्रण से बाहर होते ही सिपाही भी आक्रामक हो गया। उसने आरोपी का गला पकड़ लिया और थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। इसके बाद दोनों के बीच सड़क पर ही जोरदार मारपीट होने लगी। लोग बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा था। करीब 30 मिनट तक यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान यातायात भी प्रभावित हुआ। लोग तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे। किसी ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दी। वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। आरोपी रामउग्रह को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया गया। पीड़ित रिक्शा चालक भकोल शर्मा की एप्लीकेशन के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो वायरल, सिपाही सस्पेंड
घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग हरकत में आया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह के आचरण को अशोभनीय मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि कानून व्यवस्था संभालने वाली पुलिस को संयम रखना चाहिए। हालांकि कुछ लोग यह भी मान रहे हैं कि नशे में धुत आरोपी की हरकतों ने स्थिति को बिगाड़ा। फिलहाल जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि छोटी सी बात किस तरह बड़े विवाद में बदल सकती है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










