महराजगंज में नदी में डूब रही महिला को दो छात्रों ने बचाया: पानी से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला, प्रधानाचार्य छात्रों को करेंगे सम्मानित

कोठीभार थाना क्षेत्र में नारायणी नहर में डूब रही महिला के लिए मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के दो छात्र मददगार बनकर पहुंचे। निचलौल-सिसवा मार्ग पर सात-पांच पुल के पास महिला ने नहर में छलांग लगा दी थी। पानी में डूबती महिला पर वहां से गुजर रहे 10वीं कक्षा के छात्र कृष्णा गुप्ता सेखुई और सद्दाम हुसैन की नजर पड़ी। दोनों ने बिना देर किए नहर में छलांग लगा दी और महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों छात्रों के साहस की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
जानकारी के अनुसार करीब 30 वर्षीय महिला ने निचलौल-सिसवा मार्ग स्थित नारायणी नहर के सात-पांच पुल से अचानक छलांग लगा दी। पानी में पहुंचने के बाद वह डूबने लगी। इसी दौरान वहां से मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले कृष्णा गुप्ता सेखुई और सद्दाम हुसैन गुजर रहे थे। दोनों 10वीं के छात्र हैं और कोहड़वल के रहने वाले हैं। महिला को डूबता देखकर दोनों तुरंत नहर में उतर गए। उन्होंने महिला को पकड़कर बाहर खींच लिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
छात्रों के साहस की हो रही चर्चा
घटना की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रवीण पुलिंथनाथ को हुई तो उन्होंने दोनों छात्रों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रों ने साहस दिखाने के साथ मानवता की मिसाल पेश की है। उनके इस कदम से अन्य विद्यार्थियों को भी जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा मिलेगी। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की असेंबली में दोनों छात्रों को सम्मानित करने की घोषणा की है। क्षेत्र में भी छात्रों के साहस की चर्चा हो रही है।
पुलिस को घटना की सूचना नहीं
निचलौल थाने के एसओ योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि उन्हें घटना की किसी ने सूचना नहीं दी है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।











