पेड़ की डाल पर आराम फरमाता तेंदुआ: नीचे खड़े युवक बनाते रहे रील, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र में एक बार फिर वन्यजीवों के साथ लापरवाही और सोशल मीडिया रील बनाने की सनक देखने को मिली है। अचलगढ़ बीट स्थित मानिक तालाब के पास एक तेंदुआ पेड़ की डाल पर आराम करता दिखाई दिया। वहीं नीचे खड़े कुछ युवक मोबाइल से उसका वीडियो बनाकर रील तैयार करते रहे। इस दौरान कई युवक तेंदुए के बेहद करीब तक पहुंच गए और कुछ के हाथों में लकड़ी के डंडे भी दिखाई दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद वन विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्त चेतावनी जारी की है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीषण गर्मी और उमस से बचने के लिए तेंदुआ पेड़ की मोटी टहनी पर आराम कर रहा है। उसके वजन से डाल लगातार ऊपर-नीचे हो रही थी। नीचे मौजूद युवक इस खतरनाक स्थिति को नजरअंदाज कर वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। कुछ युवक तेंदुए के और करीब जाने की कोशिश भी करते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की गतिविधियां बढ़ी हैं, इसके बावजूद लोग सावधानी बरतने के बजाय सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
पहले भी हो चुका है तेंदुए का हमला
लक्ष्मीपुर वन क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 12 मई को भी दो युवक पुलिया के नीचे बैठे तेंदुए की रील बना रहे थे, तभी तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया था। उस घटना में दोनों युवक घायल हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। घटना के बावजूद युवाओं में कोई सबक नहीं दिखाई दे रहा है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लगातार जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लोग वन्यजीवों के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
सतर्कता बरतने की जरूरत
वन विभाग के अनुसार, गर्मी के मौसम में जंगली जानवर पानी और छांव की तलाश में आबादी वाले इलाकों के नजदीक आ जाते हैं। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत होती है। लेकिन सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने की होड़ कई बार लोगों को खतरे के बेहद करीब पहुंचा देती है।
वन विभाग को दें सूचना
लक्ष्मीपुर वन क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश शर्मा ने स्पष्ट कहा कि तेंदुआ बेहद संवेदनशील और हिंसक वन्यजीव है। उसके आसपास जाकर वीडियो बनाना या उसे उकसाने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों के साथ इस तरह की हरकतें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन भी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति वन्यजीवों को परेशान करते, उनके साथ रील बनाते या वीडियो वायरल करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने ग्रामीणों और युवाओं से अपील की है कि किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।











