घर के बाहर सो रही महिला की हत्या: सिर पर डंडे से किया वार, दो नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में घर के बाहर सो रही महिला की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
घटना श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव की है। मृतका की पहचान रूखमणी, पत्नी शिव नारायण, के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, वह भोजन करने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं। सुबह उसका शव खून से लथपथ हालत में मिला। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। परिवार का आरोप है कि मच्छरदानी के डंडे से हमला कर उनकी हत्या की गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फोरेंसिक जांच के साथ कई पहलुओं पर पड़ताल
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने भी मौके का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और वारदात के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों ने बताया कि मृतका की किसी से पुरानी रंजिश नहीं थी। लेकिन गांव में शराब के नशे में कुछ लोगों से उनका विवाद हुआ था।
युवक से हुआ था विवाद
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर श्यामदेउरवा थाने में अजय पुत्र भोरिक और भरथरी पुत्र अमेरिकी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तहरीर में 23 जुलाई की रात दोनों से विवाद होने का भी जिक्र है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। मृतका मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि बताए जाते हैं। परिवार में चार बच्चे हैं। मां की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









