महराजगंज में पैर फिसलने से पोखरे में डूबा युवक: ग्रामीणों की कोशिश के बाद भी मौत, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार

कोल्हुई थाना क्षेत्र के गुलरिहा कला गांव में एक दर्दनाक हादसे में युवक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। पैर फिसलने के बाद वह गहरे पानी में चला गया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार पोखरभिटवा टोला निवासी गुलाम वारिश गांव के पोखरे के पास गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा। युवक को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना मिलते ही पृथ्वी शर्मा, फिरोज खान, बुधिराम प्रजापति, सहजाद और खुशहाल सहित कई ग्रामीण पोखरे में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद युवक को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना पर कोल्हुई पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार, वारिश अली के घर करीब 25 वर्ष बाद बेटे का जन्म हुआ था। लंबे इंतजार के बाद मिली इकलौती संतान की असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और गांव का माहौल भी शोकाकुल बना हुआ है। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। उनकी सहमति के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि सूचना मिलते ही गांव के लोगों ने युवक को बचाने का हरसंभव प्रयास किया। लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उसकी जान नहीं बच सकी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









