विराट-अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद: आश्रम पहुंचकर सत्संग में हुए शामिल, IPL खिताब के बाद पहुंचे वृंदावन

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा मंगलवार सुबह वृंदावन स्थित केली कुंज आश्रम पहुंचे। जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का खिताब जीतने के बाद यह उनकी पहली आध्यात्मिक यात्रा मानी जा रही है। दोनों को आश्रम परिसर में नंगे पैर प्रवेश करते देखा गया। जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
सुबह करीब सात बजे वृंदावन पहुंचे विराट और अनुष्का का आश्रम में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्यों ने स्वागत किया। दोनों सीधे आश्रम के भीतर पहुंचे। करीब दो घंटे तक वहां रहे। बाहर निकलते समय विराट कोहली के माथे पर चंदन और त्रिपुंड का तिलक दिखाई दिया। उनके हाथ में एक धार्मिक पुस्तक भी नजर आई। सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए दोनों ने साधारण तरीके से दर्शन किए।
विराट कोहली का शानदार रहा प्रदर्शन
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरा IPL खिताब अपने नाम किया था। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को हराकर ट्रॉफी जीती थी। फाइनल में विराट कोहली ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। पूरे सीजन में विराट कोहली का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने लगातार चौथे सीजन 600 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड कायम किया। कुल 675 रन बनाकर टीम के सबसे सफल बल्लेबाज रहे। क्रिकेट मैदान पर सफलता के बाद उनका आध्यात्मिक झुकाव एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस साल की तीसरी यात्रा
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे हों। वर्ष 2023 से अब तक दोनों सातवीं बार संत से मिलने पहुंचे हैं। इस वर्ष भी यह उनकी तीसरी यात्रा रही। इससे पहले फरवरी और अप्रैल में भी दोनों आश्रम पहुंचकर सत्संग में शामिल हुए थे। आध्यात्मिकता और पारिवारिक जीवन को प्राथमिकता देने वाले इस चर्चित दंपती की यह यात्रा उनके श्रद्धाभाव और संतों के प्रति आस्था को दर्शाती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।






