अवैध संबंध के शक में बेटे ने उजाड़ा अपना ही घर: बुलंदशहर में पिता और पत्नी की गोली मारकर की हत्या, दस दिन पहले बना था पिता

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
बुलंदशहर में पिता और पत्नी की गोली मारकर की हत्या, दस दिन पहले बना था पिता

खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कलंदरगढ़ी गांव रविवार को सनसनी से भर उठा। एक युवक ने शक और गुस्से में अपनी ही पत्नी और पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे अरेस्ट कर लिया। प्रारंभिक जांच में मामला अवैध संबंधों के शक से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है, क्योंकि आरोपी की शादी को अभी एक वर्ष ही हुआ था और दस दिन पहले ही वह पिता बना था।

जानकारी के अनुसार कलंदरगढ़ी गांव निवासी रियाजुद्दीन (55) अपने बेटे मोबिन (26) और बहू सना (22) के साथ रहते थे। रियाजुद्दीन गांव में प्रॉपर्टी डीलिंग और वेल्डिंग का काम करते थे। वहीं मोबिन इलाके में झोलाछाप डॉक्टर के तौर पर निजी क्लीनिक चलाता था। परिवार के करीबी लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से घर में तनाव का माहौल बना हुआ था और मोबिन अक्सर अपनी पत्नी तथा पिता को लेकर शक जाहिर करता था। रविवार सुबह से ही घर के भीतर विवाद और कहासुनी की आवाजें सुनाई दे रही थीं। दोपहर के समय मोबिन घर से बाहर गया और कुछ देर बाद वापस लौटा। इसके बाद अचानक घर के भीतर से लगातार गोलियां चलने की आवाजें आने लगीं। पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका में तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पत्नी के सीने में, पिता की कनपटी पर मारी गोली

मौके पर पहुंची पुलिस जब घर के अंदर दाखिल हुई तो रियाजुद्दीन और सना खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। पुलिस दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने पहले रियाजुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल सना ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल से पिता की कनपटी पर गोली मारी, जबकि पत्नी के सीने और पेट में गोली दागी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटा फैल गया।

सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी अरेस्ट

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मोबिन को शक था कि उसके पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध हैं। इसी बात को लेकर परिवार में पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। रविवार को विवाद इतना बढ़ गया कि उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस और सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसे घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर अरेस्ट कर लिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

गांव में पसरा मातम

घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि आरोपी मोबिन दस दिन पहले ही पिता बना था। घर में नवजात के जन्म की खुशियां अभी पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई थीं कि दोहरे हत्याकांड ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। गांव में इस घटना को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।