उरई में जमीन विवाद में खूनी खेल : भाई ने भाई को मारी गोली, फिर पिता- छोटे भाई ने पीटकर ली जान

उत्तरप्रदेश|21 अप्रैल 2026
भाई ने भाई को मारी गोली, फिर पिता- छोटे भाई ने पीटकर ली जान

यूपी के उरई में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रामपुरा थाना क्षेत्र के मिर्जापुरा जागीर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि परिवार के ही दो सगे भाइयों की जान चली गई। मामूली बहस अचानक हिंसा में बदल गई। गुस्से और तैश में उठे कदम ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। एक भाई ने अपने बड़े भाई को गोली मार दी। इसके बाद पिता और छोटे भाई ने मिलकर आरोपी बेटे को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया।

मिर्जापुरा जागीर गांव के रहने वाले जय नारायण चतुर्वेदी के बेटों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार के अंदर ही बंटवारे को लेकर तनाव बना हुआ था। सोमवार को यह विवाद फिर सामने आया। शाम के समय घर पर ही कहासुनी शुरू हुई। बात धीरे-धीरे बढ़ती गई। माहौल गर्म हो गया। इसी दौरान जय नारायण के दूसरे नंबर के बेटे 30 वर्षीय जितेंद्र उर्फ अल्लू ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में उसने तमंचा निकाल लिया। उसने अपने बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश पर फायर कर दिया। गोली सीधे सीने में लगी। कैलाश मौके पर ही गिर पड़ा। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

पिता और छोटे भाई का खौफनाक कदम

बड़े बेटे की हत्या होते ही परिवार में हड़कंप मच गया। पिता जय नारायण यह सब देख बेकाबू हो गए। उनके साथ सबसे छोटा बेटा गुड्डू भी गुस्से में था। दोनों ने मिलकर आरोपी जितेंद्र को पकड़ लिया। इसके बाद उस पर लाठियों से हमला कर दिया। पिता और भाई ने जितेंद्र को बेरहमी से पीटा। तब तक पीटते रहे जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। कुछ ही मिनटों में एक ही परिवार के दो बेटों की मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

भाई ने भाई को मारी गोली, फिर पिता- छोटे भाई ने पीटकर ली जान

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को काबू में किया गया। इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही एसपी विनय कुमार सिंह और एएसपी डॉ ईशान सोनी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सबूत जुटाए गए।

रामपुरा थाना प्रभारी रजत कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पिता जय नारायण और छोटे बेटे गुड्डू को हिरासत में ले लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

परिवार में मचा कोहराम

इस घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ही दिन में दो बेटों की मौत हो गई। तीसरा बेटा और पिता पुलिस हिरासत में हैं। घर में मातम पसरा हुआ है। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी सन्नाटा छा गया है। लोग इस घटना को लेकर हैरान हैं। मामूली जमीन विवाद ने पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया। पुलिस अब मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।