छत ढलाई के दौरान निर्माणाधीन गेट ढहा: मजदूर की मौत, नेपाल के युवक समेत पांच श्रमिक गंभीर घायल

ढेबरुआ थाना क्षेत्र स्थित मधवापुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मत्स्य मंडी के मुख्य गेट की छत ढलाई के दौरान अचानक भरभराकर गिर गई। जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि नेपाल के एक युवक सहित पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मधवापुर स्थित निर्माणाधीन मत्स्य मंडी परिसर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे गेट की स्लैब ढलाई का कार्य चल रहा था। आधा दर्जन से अधिक मजदूर सीमेंट, बालू और गिट्टी की मदद से छत निर्माण में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक गेट की पूरी छत निर्माण सामग्री सहित ढह गई। किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सभी मजदूर मलबे की चपेट में आ गए।
मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए चला राहत अभियान
हादसे में मड़नी गांव निवासी 25 वर्षीय मुस्ताक पुत्र किताबुल मलबे के नीचे दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धरूआर निवासी बुधीराम, राजेंद्र, मड़नी निवासी आलम, मानपुर निवासी रूपेश तथा नेपाल के अमहवा निवासी रामदयाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बढ़नी पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
जांच में जुटा प्रशासन
पुलिस ने मृतक की बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जबकि क्षेत्र में शोक का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









