सिद्धार्थनगर में कथित ‘लव जिहाद’ मामला गरमाया: किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, मुख्य आरोपी समेत सात लोगों पर केस दर्ज

शोहरतगढ़ कस्बे में कथित ‘लव जिहाद’ से जुड़े एक मामले ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। एक किशोरी को फर्जी पहचान के जरिए प्रेमजाल में फंसाकर भगाने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत सात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है और मामले की जांच तेज कर दी गई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने खुद को हिंदू बताकर किशोरी से संपर्क बनाया और लंबे समय तक झूठी पहचान के सहारे उसे अपने प्रभाव में रखा।
पीड़ित पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, 18 मई की शाम वह किसी काम से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान घर पर मौजूद उनकी पत्नी ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी अचानक घर से गायब हो गई है। परिवार के लोग तत्काल उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच मोहल्ले के एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि एक युवक किशोरी को लेकर शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन की तरफ गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां कथित तौर पर आरोपी युवक किशोरी का हाथ पकड़कर उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था।
विरोध करने पर धक्का देकर भागने का आरोप
परिवार का आरोप है कि जब किशोरी के भाई ने मौके पर पहुंचकर युवक का विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और वहां से भागने की कोशिश की। पीड़ित पक्ष का कहना है कि भागते समय आरोपी ने पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। मामले के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी मुस्लिम समुदाय से है। उसने अपना नाम “राज” बताकर खुद को हिंदू बताया था। इसी फर्जी पहचान के सहारे वह किशोरी के संपर्क में आया और उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में ले लिया।
आरोपी के घर पहुंचने पर हुआ विवाद
परिवार का कहना है कि जब उन्हें युवक की वास्तविक पहचान की जानकारी हुई, तो वे शिकायत लेकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने परिवार के साथ अभद्रता की और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान किशोरी की मां की तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी युवक के अलावा रशिद, उसकी पत्नी, सिराज, रियाज, गोलू और गुड्डू के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर अपहरण, धमकी, मारपीट, दंगा, महिलाओं को बहला-फुसलाकर ले जाने और जबरन धर्म परिवर्तन से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कस्बे में चर्चाओं का दौर जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें





