शराब के नशे में मां को पटककर मारा: पत्नी को बचाने आई थी मां, आरोपी पर केस दर्ज

सिद्धार्थनगर|09 जून 2026
पत्नी को बचाने आई थी मां, आरोपी पर केस दर्ज

जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र के विशुनपुर खुर्द गांव में पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट कर रहे युवक ने बीच-बचाव करने पहुंची अपनी ही मां को जमीन पर पटक दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया। जबकि पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका कैलाशी देवी (लगभग 60 वर्ष) रविवार रात अपने घर में थीं। इसी दौरान उनका सबसे छोटा बेटा सुनील गिरि शराब के नशे में अपनी पत्नी रूपा के साथ मारपीट कर रहा था। घर में हो रहे विवाद और शोर-शराबे को सुनकर कैलाशी देवी मौके पर पहुंचीं। दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास करने लगीं। आरोप है कि मां का हस्तक्षेप सुनील को नागवार गुजरा और उसने अपना गुस्सा मां पर उतार दिया।

परिवार में मचा कोहराम

परिजनों के मुताबिक, आरोपी ने पहले मां के साथ अभद्रता की। फिर उन्हें घसीटते हुए जमीन पर पटक दिया। गंभीर चोट लगने से कैलाशी देवी की हालत बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें संभालने में जुटे रहे। लेकिन करीब एक घंटे बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर कठेला समय माता पुलिस मौके पर पहुंची। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पति छोट्टन गिरि की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सुनील गिरि के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। परिवार में आए दिन विवाद होते रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।