नाबालिग को भगाने के आरोप में युवक की पिटाई: हाथ-पैर बांधकर सड़क पर लिटाया, पुलिस ने भेजा जेल

चिल्हिया थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर भगाकर ले जाने का मामला सामने आया है। वारदात की जानकारी मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़कर बंधक बना लिया। उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। वीडियो में युवक के हाथ-पैर कपड़े से बंधे दिखाई दे रहे हैं। उसे सड़क किनारे लिटाया गया है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी युवक को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार शोहरतगढ़ नगर पंचायत के गांधीनगर वार्ड निवासी चाने उर्फ चांद उर्फ जमाल खान का एक 14 वर्षीय किशोरी से संपर्क था। आरोप है कि युवक किशोरी को अपने साथ लेकर चला गया था। घटना की जानकारी मिलते ही किशोरी के परिजनों में हड़कंप मच गया। उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजन और स्थानीय लोग विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान उन्हें युवक की लोकेशन की जानकारी मिली। जिसके बाद उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया गया।
पकड़ने के बाद की गई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक को पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि बाद में उसके हाथ-पैर कपड़े से बांध दिए गए। उसे गांव के रास्ते में लिटाकर रखा गया। इस दौरान मौजूद लोगों में से किसी ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद घटना ने स्थानीय स्तर पर व्यापक चर्चा का विषय बना लिया।
पुलिस ने बरामद की किशोरी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी के अपहरण के आरोप में पहले से केस दर्ज था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। 29 मई को कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वायरल वीडियो की भी जांच
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और युवक के साथ हुई मारपीट की घटना की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









