सिध्दार्थनगर में सो रहे दंपती को सांप ने डंसा: मेडिकल कॉलेज ले जाते समय दोनों ने तोड़ा दम, तीन मासूम बच्चे अनाथ

सिद्धार्थनगर जिले के लोटन क्षेत्र में फर्श पर सो रहे एक दंपती की सांप के काटने से दर्दनाक मौत हो गई है। जहरीले सांप ने पति की आंख के पास और पत्नी के हाथ में डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन दोनों को अस्पताल लेकर गए। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।, जिसके कारण उनके तीन मासूम बच्चे अनाथ हो गए हैं
जानकारी के अनुसार हरिवंशपुर निवासी इजहार अहमद पुत्र निजामुद्दीन सोमवार रात पत्नी हशीमुनिशा के साथ भोजन करने के बाद रोज की तरह घर के फर्श पर बिस्तर बिछाकर सो गए। रात करीब तीन बजे जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर दोनों ने घरवालों को घटना की जानकारी दी। परिजन तुरन्त उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन लेकर पहुंचे।
गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने किया रेफर
सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। परिजन दोनों को लेकर गोरखपुर के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई।
बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
दंपती की मौत से परिवार में मातम पसरा हैं। इजहार और हशीमुनिशा अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें दो बेटियां और एक बेटा हैं। माता-पिता की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पोस्टमर्टम से किया इनकार
घटना की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार के निर्देश पर हल्का लेखपाल मनोज कुमार, अखिलेश यादव और संजय प्रकाश मौके पर पहुंचे। लेखपालों ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा, ताकि नियमानुसार सरकारी सहायता का लाभ मिल सके। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।











