सिद्धार्थनगर के बढ़नी स्टेशन पर मिला अधेड़ का शव: जेब से मिला गेट पास, गोवा से लौट रहा था अपने घर

बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची। जवान शव को बढ़नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जेब में मिले गेट पास और पहचान पत्र के आधार पर राजेंद्र के रूप में हुई। वह बलरामपुर के पचपेड़वा थाना क्षेत्र के बेतहनिया करहिया गांव का निवासी और रमई का पुत्र था।
बताया गया है कि राजेंद्र गोवा में काम करता था और वहां से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बढ़नी रेलवे स्टेशन परिसर में उसकी मौत हो गई। शव सिर्फ शर्ट और अंडरवियर में मिला, जबकि पैंट मौके पर नहीं थी। कपड़े गायब होने और मौत की परिस्थितियां सामने आने के बाद मामला पेचीदा हो गया है। राजेंद्र की मौत कैसे हुई और उसकी पैंट कहां गई, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।
सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही ढेबरुआ पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मृतक के परिवार और मौके पर मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।











